गोपेश्वर। भाजपा की घाट ब्लॉक कार्यकारिणी के 36 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर ब्लाक की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है।
शनिवार को घाट ब्लॉक मुख्यालय पर हुई भाजपा ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से घाट ब्लॉक के आपदा प्रभावित क्षेत्रों की लगातार उपेक्षा की जा रही है जबकि थराली विधानसभा के उपचुनाव में घाट ब्लॉक के मतदाताओं के बूते ही भाजपा ने जीत दर्ज की है। क्षुब्ध कार्यकर्ताओं ने कहा कि थराली विधायक का निर्वाचन 30 मई को हो गया है, लेकिन अभी तक विधायक ने शपथ नहीं ली है, जिससे विधायक का होना या न होना बराबर है। उन्होंने कहा कि नंदप्रयाग-घाट सड़क का चौड़ीकरण और सुधारीकरण कार्य भी ठंडे बस्ते में है। घाट क्षेत्र के कई गांवों में पैदल रास्ते और सड़कें बंद पड़ी हैं। क्षेत्र में पेयजल और बिजली सप्लाई सुचारु नहीं है। जिला योजना की बैठक में भी घाट क्षेत्र की योजनाओं को शामिल नहीं किया गया है। इसके बाद ब्लाक कार्यकारिणी के 36 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष दिलवर सिंह, महामंत्री राकेश रावत, राकेश मैंदोली, भरत सिंह सहित 36 कार्यकर्ता हैं।