ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
व्यासी बांध परियोजना और आसपास के गांव में रहने वाले छात्रों के लिए स्कूल बस संचालन की मांग को लेकर छात्रों का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। छात्रों ने प्रोजेक्ट साइट पर निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। शीघ्र बस सेवा शुरू नहीं होने पर सोमवार से निगम कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी।
छात्रों ने कहा कि बस के नहीं चलने से उन्हें स्कूल आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रोजेक्ट साइट से जुड़े गांवों में रहने वाले करीब 250 छात्रों को रोजाना पढ़ाई के लिए 10 किमी दूर कटापत्थर और बाड़वाला जाना पड़ता है। लेकिन बस संचालन और बेहतर ट्रांसपोर्ट व्यवस्था नहीं होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में छात्रों के लिए निगम प्रबंधन की ओर से बस चलाई जाती थी। लेकिन तीन माह से बस सेवा पूरी तरह से ठप पड़ी है। शिकायत के बाद भी निगम प्रबंधन बस संचालन शुरू नहीं कर रहा है।
जल विद्युत निगम के जन संपर्क अधिकारी विमल डबराल ने बताया कि बस सेवा संचालन के लिए टेंडर हो चुके है। शीघ्र छात्रों के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी।
प्रदर्शन करने वालों में प्रिया, शीतल, प्रियांशी, पिंकी, खुशी, अंजली, अंजू, अंकुर, अनुज, मनीष, मनोज आदि शामिल रहे।