श्रीनगर। गढ़वाल विवि के शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद चुनाव के लिए नियुक्त चुनाव अधिकारी ने नियुक्ति के एक दिन बाद ही इस्तीफा दे दिया है। कुछ कर्मचारियों ने चुनाव अधिकारी पर वर्तमान यूनियन के करीबी होने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर टिप्पणियां की थी, जिससे आहत अधिकारी ने स्वयं ही अपना इस्तीफा विवि प्रशासन को सौंप दिया।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद चुनाव के लिए विवि प्रशासन ने विवि के अधिशासी अभियंता विजयानंद बहुगुणा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया था। इस संबंध में बृहस्पतिवार को कुलसचिव डा. एके झा ने आदेश जारी किया था। बहुगुणा के चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाने पर कुछ कर्मचारियों ने सोशल मीडिया (व्हाट्सएप) पर टिप्पणियां की थी। इन कर्मचारियों ने बहुगुणा पर वर्तमान यूनियन का करीबी होने का आरोप लगाया था। कहना था कि चुनाव अधिकारी वर्तमान यूनियन के करीबी है, जिससे निष्पक्ष चुनाव की संभावना नहीं है। हालांकि सोशल मीडिया पर की गई इन टिप्पणियों पर कुछ कर्मचारियों ने आपत्ति जताते हुए बहुगुणा का समर्थन किया था, लेकिन सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से आहत नव नियुक्त चुनाव अधिकारी विजयानंद बहुगुणा ने शुक्रवार को पद से इस्तीफा दे दिया। विजया नंद बहुगुणा ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा प्रशासन को दे दिया है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।