ब्यूरो/अमर उजाला ,मुनिकीरेती ।
प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर में बृहस्पतिवार को सवा लाख शिवभक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर दर्शनों का लाभ अर्जित किया। वहीं नीलकंठ मंदिर के बाहर देर रात से ही शिवभक्त लाइनों में लगने शुरू हो गए थे। बृहस्पतिवार को ब्रह्ममुहूर्त में कपाट खुलने के साथ ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में नीलकंठ मंदिर के दर्शन करने वालों की संख्या अब तक छह लाख से अधिक पहुंच चुकी है।
थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला प्रदीप कुमार ने बताया कि शाम सात बजे तक 1,25,340 शिवभक्त जलाभिषेक कर चुके थे और अब तक शिवभक्तों की संख्या 6,88,160 पहुंच चुकी है। बृहस्पतिवार को कांवड़ियों ने तीर्थनगरी में गंगास्नान के बाद जल भरकर नीलकंठ धाम की यात्रा के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान तीर्थनगरी से नीलकंठ तक हजारों की संख्या में शिवभक्तों के जयकारों से मणिकूट पर्वत श्रंखलाएं बम बम भोले हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठी। पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर में शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।