देवप्रयाग। भरपूर पट्टी के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के आधुनिक तकनीक से जुड़ने पर अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षिका व समूण परिवार का आभार व्यक्त किया है। कहा कि इस सुविधा से छात्रों को बेहतर पठन-पाठन में सुविधा मिलेगी।
बृहस्पतिवार को समूण परिवार की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय सौड़पाणी को डिजिटल करने के लिए कंप्यूटर, प्रोजेक्टर, मैगनेटिक अल्फाबेट्स व खेल सामग्री आदि उपलब्ध करवाई गई। समूण परिवार के विनोद ने कहा कि यह सामग्री विद्यालय की अध्यापिका इंदु भंडारी के प्रयासों का परिणाम है। उनके विद्यालय के प्रति कर्तव्य निष्ठा व लगन को देख समूण परिवार ने विद्यालय को उक्त सामग्री देने का निर्णय लिया था। विद्यालय की अध्यापिका इंदु भंडारी ने कहा कि विद्यालय को डिजिटल से जोड़ने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन धन अभाव आड़े आ रहा था। इसके लिए विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों से प्रयास करने पर समूण परिवार की ओर से विद्यालय का यह सपना पूरा किया गया है। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुशीला देवी, कमल जोशी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जीसी जेठुड़ी, समाजसेवी खुशहाल सिंह, अरविंद जियाल आदि मौजूद थे।