श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विवि के मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा ने बताया कि छात्र संघ चुनाव सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए 8 अगस्त को सीनेट हॉल में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें डीएसडब्ल्यू बोर्ड के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। प्रो. बहुगुणा ने सभी छात्र संगठन के पदाधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने को कहा है। इस संबंध में नियंता कार्यालय की ओर से सूचना भी जारी कर दी गई है।