श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-507ए) पर कनासर के पास भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा आने से यातायात ठप हो गया। करीब 18 घंटे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह 10 बजे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकी। राष्ट्रीय राजमार्ग सीधे त्यूनी तहसील क्षेत्र को श्रीनगर गढ़वाल से जोड़ता है। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे सड़क पर कनासर के पास भारी मात्रा में मलबा आ गया। जिससे त्यूनी तहसील क्षेत्र का संपर्क चकराता ब्लॉक मुख्यालय के साथ ही अन्य जगहों से कट गया। फसलों से लदे कई वाहन बीच सड़क में फंस गए। लोगों को वाहनों में रात गुजारनी पड़ी। सुबह लोगों ने मामले की जानकारी एनएच डोईवाला के अधिकारियों को दी। जिसके बाद सुबह दस बजे जेसीबी और एलएनटी मशीन से मलबा हटा कर यातायात बहाल कराया गया। इस संबंध में एनएच डोईवाला के एसडीओ प्रमोद सिंह नेगी ने बताया कि भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यातायात बहाल कराया गया।