ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
गीतानगर के लोगों ने क्षेत्र में घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग ऊर्जा निगम से की है। इस बाबत लोगों ने बुधवार को अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश रावत के नेतृत्व में गीतानगर के लोगों ने बुधवार को ऊर्जा निगम के डिवीजन ऑफिस में अधिशासी अभियंता से मुलाकात की। लोगों का कहना है कि गीतानगर में अधिकांश घरों के ऊपर से 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इससे लोगों के जीवन को खतरा बना हुआ है। हाईटेंशन की चपेट में आकर कई बार बंदर आदि जानवरों की मौत हो चुकी है। इस बाबत कई बार ऊर्जा निगम से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में एसपी कपरुवान, बलवीर सिंह नेगी, संतोषी देवी, गीता राना, राम प्रसाद, पूजा जोशी, सीमा बिष्ट, सागर चंद, नीरज बिष्ट, अनीता नेगी, रणवीर सिंह, पुष्पा बिष्ट, शोभा देवी, विपिन रावत आदि शामिल रहे।