कीर्तिनगर। विकास खंड के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़न वाले पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्रीय जनता को समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों को एक घंटे का सफर तय करने में करीब तीन घंटे लग जा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला पंचायत से शीघ्र पैदल मार्गों की मरम्मत की मांग की है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य महिपाल बुटोला व रंजन रतूड़ी ने बताया कि क्षेत्र के पैदल मार्गों का अपना महत्व है। मोटर मार्ग अवरुद्ध होने पर लोग इन्हीं मार्गों से आवागमन करते है। लेकिन कई पैदल मार्ग सड़क निर्माण के मलबे से क्षतिग्रस्त हो चुके है, जिन पर चलना जोखिम भरा है। ऐसे में लोगों को एक घंटे का सफर तीन घंटे में तय करना पड़ रहा है। जिला पंचायत टिहरी के प्रशासनिक अधिकारी सोहन सिंह कठैत ने बताया कि मार्गों के निर्माण के लिए संबंधित जिला पंचायत सदस्य की ओर से अगर मांग की गई, तो शीघ्र ही पैदल मार्गों की मरम्मत का काम करवाया जाएगा।