पीपलकोटी। रुक-रुककर हो रही भारी बारिश से रविवार रात को बंड क्षेत्र में कम्यार गांव को जाने वाला एकमात्र पैदल रास्ता (50 मीटर) क्षतिग्रस्त हो गया। सोमवार को बच्चे स्कूल जाने लगे लेकिन रास्ता बंद होने के कारण उन्हें लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी, लेकिन रास्ता खोलने के लिए कोई नहीं पहुंचा। तब ग्रामीणों ने खुद कुदाल, फावड़ा उठाया और रास्ता खोलने में जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार तक मार्ग खोल दिया जाएगा।
जगत सिंह नेगी, भगत सिंह बिष्ट, पंकज सिंह, भूपेंद्र सिंह, देवेंद्र रावत, धीरेंद्र सिंह और संदीप सिंह का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रास्ता बंद होने की सूचना दी गई, लेकिन तत्काल रास्ता खोलने के लिए लोनिवि ने कोई सहमति नहीं दी। तब स्वयं ही रास्ता खोलने की ठानी। मंगलवार तक रास्ता सुचारु कर दिया जाएगा। लोनिवि के ईई डीएस रावत का कहना है कि रास्ता बंद होने की सूचना मिली है। जल्द मलबा हटाकर रास्ता खोल दिया जाएगा।