गोपेश्वर। जन शिकायत निवारण शिविर में अनुपस्थित रहने पर डीएम ने पांच अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। डीएम ने अधिकारियों को जन शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
जिला सभागार में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में ग्रामीणों की आठ शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने सभी शिकायतों के निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में जिला पूर्ति अधिकारी, ऊर्जा निगम के ईई, मत्स्य विभाग के निदेशक व परियोजना अधिकारी उरेड़ा के न आने पर डीएम ने उनका वेतन रोकने के आदेश दिए। कहा कि जन शिकायत निरावण शिविर में अधिकारियों को अनिवार्य रूप से आना है। शिविर में मायापुर निवासी हरीश पुरोहित ने प्राथमिक विद्यालय बिरही के भवन के सुधारीकरण की मांग उठाई। इस पर डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को भवन सुधारीकरण होने तक अन्यत्र विद्यालय संचालन के आदेश दिए। क्षेत्र पंचायत सदस्य नौरख हरिबोधनी खत्री ने बाल विकास विभाग में मातृ वंदना योजना के तहत होने वाली नियुक्तियों में अधिकारियों की ओर से अनावश्यक देरी करने की शिकायत की। क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह ने मंडल घाटी के गांवों में मिट्टी तेल की आपूर्ति, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने स्वास्थ्य कार्ड बनवाने के लिए मेहनताने के भुगतान की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।