श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल श्रीनगर के अस्थि रोग विभाग के लिए खुशखबरी है। सोमवार को सीनियर रेजीडेंट (एसआर) डॉक्टर के लिए हुए इंटरव्यू में दो डॉक्टरों का चयन हो गया है। अब विभाग में तीन एसआर सहित पांच विशेषज्ञ डॉक्टर हो गए हैं।
मेडिकल कॉलेज लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों (एमएस/डीएनबी/डिप्लोमा) की कमी से जूझ रहा है। विभाग में एचओडी/प्रोफेसर डा. सुभाष चंद्र और एसोसिएट प्रोफेसर डा. दया कृष्ण टम्टा काम कर रहे थे। दोनों चिकित्सकों को अस्पताल की ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी, ऑपेरशन समेत कई कामों में दिक्कत आ रही है, जबकि अस्पताल में प्रतिदिन हड्डी से संबंधित लगभग 100 केस आते हैं।
पिछले दिनों विभाग में एक एसआर डा. गौरव कुमार ने ज्वाइनिंग दी। सोमवार को कॉलेज परिसर में एसआर के लिए इंटरव्यू हुआ, जिसमें दो अभ्यर्थियों का चयन किया गया। बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. केपी सिंह ने बताया कि इंटरव्यू में डा. शिव कुमार और डा. प्रदीप पाठक का चयन किया गया। अब विभाग में तीन एसआर हो गए हैं। विभाग में पांच डॉक्टर होने से वर्क लोड कम हो जाएगा। अस्पताल और कॉलेज की गतिविधियां सुचारु चलेंगी।