गौचर। बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के प्रभावितों की समस्याएं जल्द हल करने का आश्वासन प्रशासन ने दिया है। रविवार को रेल लाइन प्रभावितों के साथ हुई प्रशासन की बैठक में अधिकारियों ने कहा कि अंशधारक मुआवजा वितरण को लेकर प्रभावितों की जो नाराजगी है उसे डीएम के समक्ष रखकर जल्द सुलझाने के प्रयास होंगे।
नगर पालिका सभागार में एडीएम मोहन सिंह बर्नियां की अध्यक्षता में रेलवे लाइन प्रभावितों की बैठक हुई। प्रभावितों ने कहा कि प्रशासन की मुुआवजा वितरण नीति सही नहीं है। पहाड़ में भूमिधारकों की खतौनियां सहखातेेधारकों के साथ भले ही हैं, लेकिन धरातल पर भूमि अलग-अलग हैं, लेकिन प्रशासन ने मुआवजा केवल खतौनी के आधार पर बनाया है। वास्तविक मुआवजा प्रभावित होने वाले भूमि के कब्जेधारक को मिलना चाहिए। इस पर एडीएम मोहन सिंह बर्नियां ने कहा कि मामले को जल्द डीएम के समक्ष रखकर निस्तारण के प्रयास किए जाएंगे। एडीएम ने कहा कि मुआवजा वितरण के लिए कमेटी गठित कर प्रशासन की ओर से गौचर में शिविर लगाकर मुआवजा वितरण की कार्रवाई की पहल की जाएगी। बैठक में एसडीएम जीआर बिनवाल, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी, रेल प्रभावित संघर्ष समिति के गजेंद्र नयाल, संदीप नेगी, नवीन टाकुली, अनिल नेगी और विजयवर्धन लिंगवाल आदि मौजूद थे।