ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
शुक्रवार सुबह से दिन भर रुक रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश से तीर्थनगरी के लगभग अधिकांश चौक-चौराहों पर पानी भर गया, जिससे शहर में विभिन्न स्थानों पर सड़कें, गलियां तालाब बन गई। इससे खासकर शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति से लोगों को परेशान होना पड़ा। नालियों की सफाई नहीं होने से बारिश के कारण जलभराव के चलते पैदल चलने वाले कांवड़ यात्रियों को खासी मुसीबत उठानी पड़ी। तालाब बनी सड़कों पर कांवड़ियों को जलभराव में ही आगे बढ़ना पड़ा।
शुक्रवार को हुई बारिश में तीर्थनगरी के देहरादून चौक, त्रिवेणीघाट चौक, मुनीकीरेती समेत शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जिसके कारण कई जगहों पर जाम भी लगा। त्रिवेणीघाट चौक से देहरादून चौक व हाईवे के कई अन्य स्थानों पर जलमग्न होने से वाहनों की लंबी कतारें लगने से पैदल चलने वाले लोगों को खासी फजीहत उठानी पड़ी। पहली बारिश में ही जगह जगह नालियों के चोक होने से नगर निगम व निकायों की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। जलभराव के चलते कई जगह दुकानदारों को स्वयं ही चोक नालियों को खोलकर निकासी व्यवस्था बनानी पड़ी। बारिश से जलभराव के चलते स्कूली बच्चों को भी खासी परेशानी उठानी पड़ी।