ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश ।
एसआर एसिया संस्था की ओर से तपोवन स्थित नीमबीच में त्रिफला प्रोजेक्ट के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संवर्धन के लिए प्रथम चरण में 600 पौधों का रोपण किया। मुख्य अतिथि वन विभाग के पीसीसीएफ जयराज ने पौधरोपण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर एसआर एशिया संस्था की पहल पर एम्स ऋषिकेश, पीजी ऑटोनामस कॉलेज, टीएचडीसी, गंगा समग्र संस्था आदि संस्थाओं के सदस्यों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। इस मौके पर आंवला, जामुन, बहेड़ा, हरड़, अमरूद, बेल आदि प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
एसआर एशिया संस्था के अंतरराष्ट्रीय निदेशक वीरेंद्र रतूड़ी ने बताया कि यह प्रोजेक्ट त्रिफला पार्क के नाम से एक हेक्टेयर वन भूमि पर तैयार किया गया है, जिसमें मुख्य रूप से फलदार पौधों को सतत विकास के लक्ष्य प्राप्ति से जोड़ा गया है। अभियान में संस्था के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक भट्ट, प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्रनगर धर्म सिंह मीणा, पीजी ऑटोनामस कॉलेज के प्राचार्य एनपी माहेश्वरी, डॉ. बृजेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह, सुमित्रा श्रीवास्तव, गोविंद चौहान, शरद तोमर, निशा नौटियाल, सोनम, राजेश गौतम, रोशनी, सचिन मिश्र, अंकित कोठियाल, हेमंत मैठाणी, विपिन सिंह, विनोद चौहान आदि मौजूद थे।