महिलाओं को स्वरोजगार के प्रति किया जागरूक
ब्यूरो/अमर उजाला
मुनिकीरेती। उत्तरांचल महिला उत्थान समिति की ओर से बुधवार को सेवा-टीएचडीसी के सहयोग से एक माह का निशुल्क ब्यूटीशियन प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया। शिविर में 20 महिलाओं को ब्यूटी कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत निर्मला उनियान और सामाजिक कार्यकर्ता सूर्यचंद सिंह ने किया।
बुधवार को आयोजित प्रशिक्षण शिविर में निर्मला उनियान ने कहा कि इस तरह के तकनीकी प्रशिक्षण लेकर महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर स्वावलंबी बन सकती है। कहा कि महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं का रोजगार अपनाकर परिवार का भरण-पोषण कर सकती हैं।
समिति की अध्यक्ष सरस्वती जोशी ने कहा कि सेवा-टीएचडीसी के सहयोग से महिलाओं को एक माह का निशुल्क ब्यूटीशियन कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें महिलाओं को संबंधित विषय की तकनीकी जानकारियां दी जाएंगी। समिति अध्यक्ष ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को इस तरह के तकनीकी प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। इस अवसर पर इंदिरा आर्य, अनीता खंतवाल, रुकमणी बिष्ट, कुसुम जोशी, सीमा बिजल्वाण, मीना मदवाल, विमला गौड़, रेनू ममगाईं, आशीष कुकरेती, कविता रावत, सुंदरी बिजल्वाण आदि मौजूद थे।