कर्णप्रयाग। भराड़ीसैंण-दिवालीखाल तीन किमी मोटर मार्ग पर तीन सालों से वाहन दौड़ रहे हैं, जबकि यह परिवहन विभाग की ओर से पास ही नहीं है। विभाग ने इस सड़क के साथ ही पांच अन्य सड़कों का निरीक्षण किया, जिसमें कई खामियां भी मिलीं। ऐसे में विभाग ने सड़क को यातायात के लिए पास करने से मना कर दिया। यही नहीं जिले में 179 सड़कें एआरटीओ से पास ही नहीं हैं।
वर्ष 2016 से शुरू हुआ भराड़ीसैंण-दिवालीखाल मार्ग का निर्माण लोनिवि गैरसैंण की ओर से इसी वर्ष मई माह में पूरा किया गया। यह सड़क नैनीताल राजमार्ग को विधानसभा परिसर से जोड़ती है लेकिन सड़क पर कई खामियां हैं। सड़क निर्माण पूरा होने से पहले ही विधानसभा सत्र के दौरान तीन साल से इस मार्ग पर वाहन दौड़ रहे हैं। परिवहन विभाग ने सड़कों पर यातायात सुचारु कराने के लिए भराड़ीसैंण-दिवालीखाल मार्ग समेत पांच सड़कों का निरीक्षण किया लेकिन सभी कोई भी सड़क मानकों के अनुसार सही नहीं मिली। चमोली की एआरटीओ एलविन रॉक्सी ने बताया कि भराड़ीसैंण सड़क पर क्रैश बैरियर सहित कई कमियां मिलीं, जिन्हें पूरा करने के लिए लोनिवि को निर्देशित किया गया है। मानकों के अनुसार सड़क एआरटीओ से पास कराने के लिए सड़क की चौड़ाई मानकों के अनुसार (करीब 6 मीटर से अधिक) होनी चाहिए। साथ ही सड़कों पर क्रैश बैरियर, पैराफिट और रिफ्लेक्टर के पर्याप्त अलावा सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए।