श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि प्रशासन ने स्नातक पंचम व छठवें सेमेस्टर में फेल छात्रों को स्पेशल बैक पेपर की सुविधा व फेल छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन कराए जाने पर स्वीकृति दे दी है।
सोमवार को गढ़वाल विवि की एकेडमिक काउंसिल की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्पेशल बैक पेपर परीक्षा व विवि में बीकॉम ऑनर्स कोर्स शुरू कराए जाने संबंधी दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिया गया। बैठक में स्नातक पंचम एवं छठवें सेमेस्टर में फेल हुए छात्रों की स्पेशल बैक पेपर परीक्षा कराए जाने व फेल छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की स्वीकृति दी गई। विवि में बीकॉम ऑनर्स कराए जाने को लेकर भी गहन मंथन हुआ। निर्णय लिया गया कि बिना यूजीसी की स्वीकृति के बीकॉम ऑनर्स कोर्स शुरू कराया जाना संभव नहीं है। दरअसल बीकॉम ऑनर्स कोर्स शुरू कराए जाने में फैकल्टी की कमी पूरी करने व ऑर्डिनेंस में बदलाव जरूरी माना जा रहा है। साथ ही बैठक में पीएचडी डिग्रियों का अनुमोदन व नए अनुबंधों (एमओयू) के मामले रिसर्च एंड कंसलटेंसी सेल द्वारा देखे जाने का निर्णय भी हुआ। बैठक में कुलसचिव डा. एके झा, वित्त अधिकारी प्रो. एनएस पंवार, डीएसडब्ल्यू प्रो. पीएस राणा, मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा, डीन स्कूल ऑफ कामर्स प्रो. आरसी डंगवाल, प्रो. एससी बागड़ी, प्रो. डीएस बिष्ट, डा. आरएस नेगी आदि मौजूद थे।