कर्णप्रयाग। जीजीआईसी में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में 12वीं में प्रदेश की वरीयता सूची में स्थान पाने वाली छात्रा अनुष्का को सम्मानित किया गया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।
समारोह में वर्ष 2017-18 में 12वीं की परिषदीय परीक्षा में अनुष्का कप्रवाण ने प्रदेश में 23वां स्थान प्राप्त किया था। मुख्य अतिथि विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार होता है। पीटीए अध्यक्ष भारती मिंगवाल ने विद्यालय में इंटर स्तर पर गणित, संस्कृत, इतिहास, राजनीति विज्ञान, गृह विज्ञान और रसायन विज्ञान तथा हाईस्कूल स्तर पर भाषा, कला और गणित विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति और अन्य समस्याओं के निस्तारण की मांग की। इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला, खंड शिक्षा अधिकारी यूसी कैलखुरा, प्रधानाचार्य संगीता बिजल्वाण आदि मौजूद थे।