- हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर तुनिया के पास हुआ हादसा
ब्यूरो/अमर उजाला/कालसी।
हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर उस समय एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जब तुनिया के पास पहाड़ी से गिरते मलबे के नीचे दब कर एक ट्रक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक और क्लीनर ने किसी तरह से कूद कर अपनी जान बचाई। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
घटना रविवार सुबह चार बजे की है। एक खाली ट्रक त्यूनी से विकासनगर की ओर आ रहा था। बारिश के बीच तुनिया के पास अचानक पहाड़ी से मलबा और बोल्डर पत्थर लुढ़कने लगे। जब तक ड्राइवर कुछ समझ पाता। ट्रक बीच सड़क में फंस गया। ट्रक की छत पर मलबा और बोल्डर गिरने लगे। उन्होंने किसी तरह से ट्रक से कूद अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में पूरा ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं, मलबा आने से सड़क पर करीब छह घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। फसलें सही समय पर मंडी तक नहीं पहुंच सकी। जिस कारण काश्तकारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब 40 गांव का संपर्क आसपास के इलाकों से कट गया। सुबह आठ बजे लोनिवि की टीम ने मौके पर पहुंच सड़क खोलने का काम शुरू किया। जिसके बाद सुबह 10 बजे सड़क पर पूरी तरह से यातायात बहाल हो सका।
मालूम हो कि हाल ही में विभाग ने मोटर मार्ग के ऊपर दमन-दोऊ संपर्क मार्ग के लिए सड़क कटिंग का काम किया था। लेकिन तब मलबे को डंप न कर सड़क से नीचे डाल दिया गया। अब यही मलबा बारिश के साथ नीचे लुढ़क रहा है। जिससे तुनिया और खैरवा गांव पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कुछ दिन पूर्व भी मलबे की चपेट में आकर तुनिया गांव स्थित एक मकान और गोशाला पूरी तरह से धराशाई हो गई थी। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने बताया कि अधीनस्थों को मौके पर ही एक जेसीबी रखने के निर्देश दिए गए हैं।