ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर खोखा लगाकर पसरे अतिक्रमणकारियों के कारण शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। खोखों के लिए ली गई बिजली की लाइन से करंट फैलने से शनिवार को राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय नीमकरोलीनगर गुमानीवाला के कई शिक्षक व बच्चे बाल-बाल बच गए। शिक्षकों की सूचना पर ऊर्जा निगम कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लाइन को दुरुस्त किया गया। हरिद्वार हाईवे स्थित नीमकरोली मंदिर के आसपास हाईवे पर अवैध तरीके से खोखे संचालित करने वालों ने खोखों के लिए ऊर्जा निगम से कनेक्शन लिए हुए हैं। उन्होंने खोखों तक खींची गई बिजली की लाइन की केबिल का गुच्छा यहां संचालित राजकीय उच्चप्राथमिक विद्यालय गुमानीवाला नीमकरोलीनगर की चारदीवारी के सहारे रखा हुआ है।
केबिल के कटने से शनिवार को दोपहर के समय स्कूल की चारदीवारी में करंट दौड़ गया, जिससे यहां अध्ययनरत तीन बच्चे व एक शिक्षक नवल किशोर करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। इसके बाद क्षेत्र में हल्की बरसात के बाद करंट स्कूल के गेट तक फैल गया। विद्यालय की शिक्षक सावित्री देवी ने बताया कि छुट्टी के समय हल्की बारिश हो रही थी, इस दौरान स्कूल के मुख्य गेट को बंद करते हुए हेडमास्टर धर्मपाल को करंट का जोर का झटका लग गया, जिसके बाद लाइन में चिंगारी भी निकली। मौके पर मौजूद अन्य शिक्षकों ने इसकी शिकायत ऊर्जा निगम के लाइनमैन से की। इसके बाद मौके पर पहुंचे लाइनमैन ने खोखों के लिए खींची गई केबिल को ठीक किया और स्कूल की चारदीवारी पर रखे केबिल के गुच्छे को वहां से हटाया।