ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पौड़ी सुशील कुमार ने शनिवार को समीक्षा बैठक ली। उन्होंने मंदिर समिति को नीलकंठ मंदिर से पुंडरासू पेयजल टैंक तक दो किलोमीटर पैदल मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और मंदिर से जिला पंचायत पार्किंग तक पथ प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्वच्छता समिति को मेलाकाल में दुकानों, होटलों व धर्मशालाओं में गंदगी मिलने व डस्टबिन नहीं मिलने पर पांच हजार जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए हैं। डीएम ने धन उपलब्ध होने के चार महीने बीत जाने पर भी अभी तक मेला क्षेत्र में कूड़ा वाहन उपलब्ध नहीं कराए जाने पर स्वजल विभाग के अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने उन्हें 25 जुलाई तक हर हाल में मेलाक्षेत्र में कूड़ा वाहन लगाने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान उन्होंने नीलकंठ धाम से पैदल मार्ग पर स्वर्गाश्रम तक सौर उर्जा से पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए राजाजी टाइगर पार्क प्रशासन को छह लाख रुपये की धनराशि की मंजूरी दी। बैठक में जल संस्थान कोटद्वार डिवीजन को नीलकंठ मेलाक्षेत्र में जिला पंचायत पार्किंग से नीलकंठ मंदिर तक मुख्य मार्ग पर बने शौचालयों में जलापूर्ति की व्यवस्था 25 जुलाई तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क को नीलकंठ पैदल मार्ग पर पार्क क्षेत्र में लगने वाली दुकानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। मार्ग पर जबरन लगाई गई दुकानों को सख्ती से हटाने के लिए कहा गया है। बैठक में एसएसपी जगतराम जोशी, एसडीएम किशन सिंह नेगी, सीओ जोधराम जोशी, सीओ पौड़ी धन सिंह तोमर, एसओ लक्ष्मणझूला प्रदीप राणा, रेंज अधिकारी राजेंद्र मोहन नौटियाल, अपर्णा बहुगुणा, नीलकंठ चौकी इंचार्ज विकास भारद्वाज, महंत सुभाष पुरी, धन सिंह राणा, अवनीश नौटियाल, तोली के प्रधान रविंद्र सिंह नेगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजेश चौहान आदि मौजूद थे।