देवप्रयाग। देवप्रयाग में नदी के जल स्तर में हो रही संभावित वृद्धि को लेकर पालिका प्रशासन ने नगर के विभिन्न स्थानों का चिह्नीकरण कार्य शुरू कर दिया है। साथ ही संगम स्थल व नदी किनारे निवास कर रहे लोगों को बारिश के दौरान अलर्ट रहने को कहा है।
शासन के निर्देश पर पालिका प्रशासन ने नगर के विभिन्न स्थानों पर चिह्नीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। पालिका के अधिशासी अधिकारी बीएस बिष्ट ने बताया कि अलकनंदा व भागीरथी नदी का संगम स्थल बाढ़ की दृष्टि से काफी संवेदनशील है। शासन के निर्देश पर क्षेत्र के उन स्थलों की पहचान की गयी जहां नदी का जलस्तर बढ़ने से जानमाल के नुकसान होने की आशंका है। नगर के दोनों झूला पुलों व नदी तट से लगे शांति बाजार, संगम मार्केट, रघुनाथ मंदिर मार्केट सहित बाह बाजार और अलकनंदा व भागीरथी से सटी बस्तियों में चिह्नीकरण किया जा रहा है। लोगों को बारिश के मौसम में अलर्ट रहने को कहा गया है। बताया कि चिह्नीकरण किए जाने वाले स्थलों पर भारी बारिश के समय शासन की ओर से बचाव के विशेष इंतजाम किए जाएंगें।