जोशीमठ। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को महाविद्यालय जोशीमठ में प्रवक्ताओं और शिक्षणेतर कर्मचारियों की तैनाती की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए उनका पुतला फूंका।
छात्र नेता जयदीप रावत, लक्ष्मण बुटोला और राहुल सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में हिंदी, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र, इतिहास, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित व जंतु विज्ञान के प्रवक्ता के पद रिक्त चल रहे हैं। साथ ही महाविद्यालय में लैब असिस्टेंट, लिपिक संवर्ग के साथ ही अन्य शिक्षणेतर कर्मचारियों के पद भी रिक्त पड़े हैं। छात्रों ने उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिह रावत पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। कहा गया कि वर्ष 2017 में महाविद्यालय निरीक्षण के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा शीघ्र प्रवक्ताओं की तैनाती का आश्वासन दिया गया था, लेेकिन अभी तक भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस मौके पर प्रदीप राणा, प्रवीन भिलंगवाल, सचिन खत्री, रमेश सती, अजितपाल रावत, बलवीर रावत और विक्रम भुजवांण आदि मौजूद थे।