गोपेश्वर। जिलाधिकारी ने जिले में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले अल्ट्रासाउंड केंद्रों को सीज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सब मेडिकल अल्ट्रासाउंड सेंटर कर्णप्रयाग का नवीनीकरण न होने पर भी सेंटर को सीज करने में हो रही देरी पर खासी नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी आशीष जोशी ने बुधवार को जिला सभागार में पीसीपीएनडीटी (लिंग चयन प्रतिषेध अधिनियम) के तहत जिला सलाहकार समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग टीम बनाकर जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण करें। गैर कानूनी रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केेेंद्रों और जन्म से पूर्व भ्रूण परीक्षण मामले पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए। सीएमओ डा. तृप्ति बहुगुणा ने कहा कि जिले में तीन सरकारी व छह निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र हैं, जिनमें तीन केंद्रों को नवीनीकरण न कराने पर सीज कर दिया गया है, जबकि सब मेडिकल अल्ट्रासांउड केंद्र कर्णप्रयाग को सीज करने की कार्रवाई जारी है।
इनसेट--------
बालक-बालिका का लिंगानुपात नहीं बता पाए अधिकारी
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिले में बालक-बालिका के लिंगानुपात के बारे में पूछा तो अधिकारी बगलें झांकने लगे। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को शीघ्र आंकड़े उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।