ब्यूरो/अमर उजाला ,डोईवाला।
बिजली कर्मचारियों का स्थानांतरण कर उत्पीड़न करने से परेशान बिजली कर्मचारी संघ डोईवाला खंडीय कमेटी की ओर से लच्छीवाला डिवीजन कार्यालय में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। वक्ताओं ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण तरीके से काम कर रहे है। मंगलवार को उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ डोईवाला के तमाम पदाधिकारी और सदस्य डोईवाला डिवीजन के अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने एकत्रित होकर धरना देकर बैठ गए। कर्मचारियों के उत्पीड़न को लेकर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। धरनास्थल पर सभा में संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एमएन नौटियाल ने कहा कि पूर्व में हुए आंदोलन मेें द्विपक्षीय वार्ता में सहमति बन गई थी।
इसके बाद से प्रतिभाग करने वाले सदस्य कर्मचारियों का द्वेषपूर्ण तरीके से स्थानांतरण आदि से उत्पीड़न किया जा रहा है, जो निंदनीय है। केंद्रीय प्रधान महामंत्री प्रदीप कंसल ने कहा कि बिजली कर्मचारियों को विश्वास में लेकर काम लेने के बजाए उत्पीड़न का रास्ता अपनाया जा रहा है। यदि जरूरत हुई तो आंदोलन को बड़ा स्वरूप दिया जाएगा। धरनास्थल पर संरक्षक प्रदीप शर्मा, मंडल अध्यक्ष संजय कुमार, मंडलीय सचिव एचसी शर्मा, खंडीय अध्यक्ष, जेएस राणा, तीरथ सिंह नेगी, देवमुनिराम, राजेंद्र सिंह, ऋषिराम क्षेत्री, नरेंद्र सिंह रावत, राजेश कृषाली आदि मौजूद रहे थे।