ब्यूरो/अमर उजाला ,डोईवाला।
वन सीमा से सटे फतेहपुर टांडा और नुन्नावाला गांव में गुलदार की आमद होने से ग्रामीणों में खौफ है। मवेशियों पर लगातार हो रहे गुलदार के हमलों को देखते हुए वन विभाग ने अब गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है। लच्छीवाला वन रेंज की वन बीट फतेहपुर क्षेत्र में इन दिनों लगातार गुलदार आबादी में धमक रहा है। पखवाड़े के दौरान ही गुलदार गौशाला में बंधे कई मवेशियों को मार चुका है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक समस्या को पहुंचाया है। वन विभाग ने पहले अतिरिक्त गश्त की व्यवस्था की थी, लेकिन ग्रामीणों में दहशत होने के बाद अब गुलदार को पकड़ने के लिए गांव और वन सीमा के मध्य पिंजरा लगा दिया है।
वहीं गुलदार को ट्रेस करने के लिए टीम तैनात कर दी गई है। जीवनवाला ग्राम प्रधान सुंदर दास ने कहा कि गुलदार के बराबर आने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। विभागीय टीम से नियमित गश्त करने का अनुरोध किया गया है। भानियावाला ग्राम प्रधान शेर सिंह सैनी, हरजिंदर सिंह, जसबीर सिंह जस्सी आदि ने विभाग से रात्रि में अतिरिक्त गश्त की भी मांग की है। लच्छीवाला रेंजर घनानंद उनियाल ने बताया कि गुलदार की आमद को देखते हुए पिंजरा लगा दिया गया है। निगरानी के लिए टीम नियुक्त कर दी गई है। कहा कि ऐहतियात के तौर पर सभी मवेशियों को गौशाला में बांधने के लिए कहा है।