श्रीनगर। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कुलपति कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है। अभाविप ने विवि प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं का निराकरण न करने का आरोप लगाया। मंगलवार को छात्रों ने प्रशासनिक भवन में विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मंगलवार को अभाविप कार्यकर्ता प्रदेश मंत्री सुधीर जोशी व पूर्व छात्र संघ महासचिव ऋतांशु कंडारी के नेतृत्व में कुलपति से वार्ता करने प्रशासनिक भवन पहुंचे। उनका आरोप था कि विवि प्रशासन छात्रों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। प्रदेश मंत्री सुधीर जोशी ने बताया कि अभाविप ने एक माह पूर्व कुलपति को 22 सूत्री मांग पत्र सौंपा था, जिस पर आज तक कार्रवाई नहीं हुई है। मंगलवार को जब कार्यकर्ता इस संबंध में वार्ता करने प्रशासनिक भवन पहुंचे तो उनको यहां कुलपति व कुलसचिव नहीं मिले। इस पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन में विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा कि बुधवार को कुलपति कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व छात्र महासंघ अध्यक्ष शैलेष मलासी, संदीप राणा, शुभम गोस्वामी, अरुण नेगी, मनीष डालिया, प्रज्ञा, कोमल व एकता आदि मौजूद थे।