क्षतिग्रस्त भवन बना असामाजिक तत्वों का अड्डा
गोपेश्वर। बसंत विहार मोहल्ले के पैदल मार्ग पर एक क्षतिग्रस्त भवन असामाजिक तत्वों का अड्डा बना हुआ है। यहां लोग दिन भी शराब और चरस पीते हैं। ऐसे में पैदल रास्ते से आवाजाही करने वाली महिलाओं और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से भवन को ध्वस्त करने की मांग उठाई।
नगर पालिका पार्षद ऊषा फरस्वाण, विजया देवी और ओम प्रकाश तिवारी का कहना है कि वर्ष 2013 की आपदा में भूस्खलन से ये मकान क्षतिग्रस्त हो गया था। मुआवजा न मिल पाने के कारण भवन स्वामी भी भवन को छोड़ गए थे। अब यह भवन असामाजिक तत्वों का अड्डा बना हुआ है। यहां अक्सर लोग शराब और चरस पीते देखे जा रहे हैं। जिलाधिकारी आशीष जोशी ने कहा कि मामले को दिखवाया जाएगा। नियमानुसार भवन ध्वस्तीकरण या अन्य कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।