- बारिश के बीच इच्छाड़ी मार्ग के पास आया मलबा, लोग परेशान
ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
बारिश के बीच हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर शनिवार की देर को इच्छाड़ी के पास भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर पत्थर आने से सड़क की यातायात ठप हो गई। करीब 15 घंटे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब 40 गांव का संपर्क पूरी तरह से विकासनगर ब्लॉक मुख्यालय से कटा रहा।
लोगों को विकासनगर पहुंचने के लिए वाया क्वानू होते हुए 35 किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ा। शाम करीब तीन बजे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकी। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। लोगों को वाहनों में रात काटनी पड़ी। फसलों के सही समय पर मंडी न पहुंचने से काश्तकारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी बिट्टू जोशी, भगतराम, प्रताप आदि का कहना है की विभाग ने बरसात शुरू होने से पूर्व सड़क पर एक जेसीबी हरदम तैनात रखने की बात कही थी, लेकिन रविवार की दोपहर 12 बजे तक भी जेसीबी मौके पर नहीं पहुंच सकी। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। कहा काश्तकारों की टमाटर, आलू, मटर, हरी मिर्च, बीन, अरबी की फसल खराब हो गई।
इन गांव की आवाजाही रही प्रभावित
सड़क बंद होने से तुनिया, खैरवा, धमोग, कोटी, इछाड़ी, टिकरधार, क्वानू-मझगांव, मीनस, गुम्मा, अटाल, फेड़ीज, अणु, प्लासू, त्यूनी समेत 40 से अधिक गांव का संपर्क विकासनगर से कटा रहा।
संबंधित सहायक अभियंता को सड़क पर हरदम एक जेसीबी तैनात रखने के निर्देश दिए हैं। शाम तीन बजे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई। - बीपी सिंह, अधिशासी अभियंता, लोनिवि साहिया