ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश ।
हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) के संस्थापक डा. स्वामी राम के शिष्य स्वामी वेद भारती का तीसरा महासमाधि वार्षिक समारोह मनाया गया। इस अवसर पर संत समागम के दौरान बड़ी संख्या में संतों और अनुयायियों ने ब्रह्मलीन संत का स्मरण किया। कार्यक्रम में स्वामी वेद भारती द्वारा लिखी गई आठ पुस्तकों और चार डीवीडी का विमोचन भी किया गया।
शनिवार को वीरभद्र रोड स्थित स्वामी राम साधक ग्राम आश्रम में महासमाधि वार्षिक समारोह में स्वामी वेद भारती को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. विजय धस्माना, स्वामी ऋतवान भारती आदि ने स्वामी वेद भारती को उच्चकोटि का साधक बताया। इस अवसर पर आयोजित भंडारे में निरंजनी अखाड़ा के संतों के साथ ही अन्य संतों, अनुयायियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर देरशाम आयोजित भजन संध्या में शास्त्रीय गायक आशीष कुकरेती ने श्रंखलाबद्घ आध्यात्मिक प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में ध्यान मंदिर ट्रस्ट की सचिव साधना मिश्रा, डा. प्रकाश केशवैया, प्रबंधक रविंद्र साहू समेत निरंजनी अखाड़े के संत, ध्यान मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी व देश- विदेश से आए शिष्य व अनुयायी मौजूद थे।
इनसेट
चार डीवीडी का किया लोकार्पण
ऋषिकेश। महासमाधि वार्षिक समारोह में स्वामी राम हिमालयन विवि के कुलपति डा. विजय धस्माना व आश्रम प्रमुख स्वामी ऋतवान भारती ने संयुक्तरूप से चार डीवीडी का विमोचन भी किया। जिनमें साइंस ऑफ स्प्रीच्अलिटी प्रोग्रेस, भागवत गीता उपनिषद, शिव सूत्र, भगवद् गीता उपनिषद सप्त स्लोकी गीता पर आधारित डीवीडी का लोकार्पण किया गया।