नंदप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे पर नंदप्रयाग में पहाड़ी से छिटका पत्थर सिर पर गिरने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट भी नहीं पहना था। युवक बुनकर सेवा केंद्र जम्मू में कार्यरत था और इन दिनों छुट्टी आया था।
शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे पुष्कर कंडारी (32) पुत्र मंगल सिंह ग्राम-मटई (घाट) भतीजे को नंदप्रयाग छोड़कर बाइक से गोपेश्वर लौट रहा था। इसी दौरान बदरीनाथ हाईवे पर नंदप्रयाग के दोबाटा तोक में पहाड़ी से छिटककर आया पत्थर पुष्कर के सिर पर जा गिरा। पुष्कर के सिर पर गंभीर चोट आई और वह हाईवे पर ही गिर गया। स्थानीय निवासी मुकेश भंडारी, कर्ण सिंह और देवेश तिवारी ने युवक को निजी वाहन से जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया। डॉक्टर डा. पवन पाल ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।