श्रीनगर। गढ़वाल विवि का नया शिक्षण सत्र 17 जुलाई से शुरू होना है। नए शिक्षण सत्र के लिए डीएसडब्ल्यू बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। प्रवेश संबंधी किसी भी समस्या के लिए छात्र डीएसडब्ल्यू कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
गढ़वाल विवि का शिक्षण सत्र 2018-19 का शुभारंभ 17 जुलाई से होगा। नए शिक्षण सत्र में प्रवेश के लिए आवेदन पत्रों की बिक्री 11 जून से शुरू हुई थी। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई नियत की गई थी, जिसे बाद में छात्रों की मांग पर 16 जुलाई तक कर दिया गया था। विवि में प्रवेश के लिए ऑन लाइन व ऑफलाइन दोनो सुविधाएं उपलब्ध है। अब तक करीब 4 हजार से अधिक छात्र विवि में प्रवेश के लिए आवेदन कर चुके हैं। विवि की डीएसडब्ल्यू प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि नए शिक्षण सत्र के लिए बोर्ड की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रवेश संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए डीएसडब्ल्यू कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। कहा कि नए प्रवेशार्थियों के लिए डीएसडब्ल्यू बोर्ड की ओर से ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।