गोपेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों की समीक्षा की। सीएम ने चीन सीमा क्षेत्र में स्थित नीती घाटी में प्रतिवर्ष होने वाले बांपा मेले को राजकीय मेला घोषित करने के लिए डीएम को एक सप्ताह में कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। सीएम ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। वहीं, वीसी के दौरान संचार सेवा ठप हो जाने के कारण थराली विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा नहीं हो सकी।
वीडियो कांफ्रेंस में सीएम ने सबसे पहले बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा की। उन्होंने बदरीनाथ और गोविंदघाट में आधुनिक शौचालय निर्माण के लिए एक सप्ताह में भूमि चयनित करने के निर्देश डीएम को दिए। जोशीमठ में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के छात्रावास व विद्यालय भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध न होने की समस्या पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय मानकों के अनुसार किसी अन्य स्थान पर चयनित करने को कहा। सीएम ने गैरसैंण के सुनियोजित विकास के लिए जल्द मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने डीएम को गैरसैंण में पेयजल की समस्या हल करने के लिए झील निर्माण को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि भराड़ीसैंण में हेलीपैड का विस्तार करें और गैरसैंण में प्रेक्षागृह की डीपीआर तैयार करेँ। सीएम ने गैरसैंण में जमीन की खरीद एवं बिक्री पर लगाई गई रोक पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श करने को कहा। डीएम आशीष जोशी ने कहा कि बदरीनाथ और माणा को स्वच्छ आइकॉनिक स्थल घोषित किया जा चुका है। बदरीनाथ में पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी तथा जोशीमठ में हेलीपेड निर्माण के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। इस मौके पर सीडीओ हंसादत्त पांडे, अपर जिलाधिकारी मोहन सिंह बर्निया, डीएफओ अमित कंवर, सीएमओ डा. तृप्ति बहुगुणा, एसडीएम परमानंद राम, योगेंद्र सिंह के साथ ही सभी अधिकारी मौजूद थे।