गोपेश्वर। गढ़वाल राइफल्स (सेना) की 127 ईको टास्क फोर्स के जवानों ने शुक्रवार को राजकीय इंटर कालेज साबरीसैंण के छात्र-छात्राओं के साथ पौधरोपण किया। मेजर दिवांकुर के नेतृत्व में सेना के जवानों ने भीमल और बांज के करीब 200 पौधे रोपे। सूबेदार रंजीत सिंह ने बताया कि नमामि गंगे परियोजना के तहत नदी किनारे के क्षेत्रों में पौधरोपण शुरू किया गया है। इससे भूस्खलन रुकने के साथ ही ग्रामीणों को चारापत्ती उपलब्ध होगी। इस मौके पर प्रधानाचार्य नरेंद्र भारती, नायक मनमोहन सिंह, सुरेंद्र रावत, बालम सिंह, राजेंद्र सिंह, बलवीर, उमेद रौथाण, नत्थी, बलवंत, शूरवीर, रमेश लखेड़ा, हुकुम सिंह, जसपाल सिंह और प्यारे राम खंडूड़ी आदि मौजूद थे।
जिले में 15 अगस्त तक रोपे जाएंगे एक लाख पौधे
उत्तरकाशी। डीएम ने 15 अगस्त तक जिले के विभिन्न हिस्सों में एक लाख पौध रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर उन्होंने तय अवधि में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
डीएम डा. आशीष चौहान ने बताया कि जिले के सभी छह ब्लाकों को 10-10 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा 40 हजार पौधे वरुणावत पर्वत पर महिडांडा में चिह्नित स्थान पर रोपे जाएंगे। इसके लिए डीएम ने सीडीओ को 40 सेक्टर नोडल अधिकारी नियुक्त कर प्रत्येक को एक हजार पौधे लगाने को कहा है। ब्लाक स्तर पर तहसीलदार, शिक्षा विभाग एवं एनजीओ का सहयोग लिया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ प्रशांत आर्य, परियोजना निदेशक राजेंद्र रावत, मुख्य कृषि अधिकारी महिधर तोमर, सीवीओ डा. प्रलयंकर नाथ, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह और जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी आदि मौजूद रहे।