ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
हरिद्वार में अनशन पर बैठे स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद उर्फ प्रोफेसर जीडी अग्रवाल को देहरादून से एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया गया है। बृहस्पतिवार सुबह उन्हें देहरादून पुलिस एम्स लेकर पहुंची, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। हालांकि, वह एम्स में भी अनशन पर डटे हुए हैं। उन्होंने दवाइयां लेने से भी इनकार कर दिया है।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह देहरादून पुलिस स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद उर्फ प्रोफेसर जीडी अग्रवाल को संस्थान में लेकर पहुंची। बताया कि उन्हें प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के दल ने उनके स्वास्थ्य की जांच की है, जिसमें खतरे जैसी अभी कोई बात नहीं है। बताया कि उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। चिकित्सक उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि उन्होंने बताया कि स्वामी ज्ञानस्वरूप ने दवाइयां लेने से इनकार दिया है। इसके साथ ही पुलिसकर्मी भी पल-पल की फीडबैक आला अधिकारियों तक पहुंचा रहे हैं।
गौरतलब है कि हरिद्वार में बीते माह 22 जून से गंगा की अविरलता की मांग को लेकर मातृ सदन में अनशन बैठे स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद (प्रोफेसर जीडी अग्रवाल) अनशन पर बैठे थे। बीते मंगलवार को हरिद्वार पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया था। स्वामी की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एम्स रेफर किया है।