देवप्रयाग। भागीरथी-अलकनंदा नदी के संगम (गंगा) में बृहस्पतिवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने छलांग लगा दी। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद गंगा में व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है।
संगम स्थल से एक व्यक्ति के गंगा में कूदने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर में एक व्यक्ति संगम में निर्मित महिला घाट की ओर गया। जहां उसने अपने जूते उतारने के बाद नदी में फेंक दिए। इसके बाद उसने बैग भी गंगा में फेंका। इससे पहले कि आसपास के लोग कुछ समझते, वह नदी कूद गया। थाना प्रभारी विनोद राणा ने बताया कि नदी में कूदने वाले व्यक्ति की उम्र 45 वर्ष के लगभग बताई जा रही है। उक्त व्यक्ति अकेला ही संगम पर आया था। उन्होंने बताया कि एसआई मदन सिंह रावत की अगुवाई में पुलिस टीम गंगा में उक्त व्यक्ति की तलाश में 15 किमी आगे व्यास घाट तक गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया।