ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
लोगों की मांग को देखते हुए संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति लोकल रोटेशन ने बृहस्पतिवार से टिहरी जिले में बस सेवाएं देने का निर्णय लिया है। यह जानकारी बुधवार को चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड स्थित कार्यालय में लोकल रोटेशन के अध्यक्ष प्यार सिंह गुनसोला की अध्यक्षता में हुई बैठक में साझा की गई।
लोकल रोटेशन समिति के अध्यक्ष प्यार सिंह गुनसोला बताया कि बस सेवा नंबर-36 पहले दिन ऋषिकेश से सुबह 5:30 बजे ऋषिकेश से रवाना होगी। जो चंबा, स्यांसू, लंबगांव रूट से होते हुए शाम तीन बजे कमांद पहुंचेगी। यहां से बस दूसरे दिन सुबह 6:30 बजे इसी रूट से ऋषिकेश आएगी और दोपहर एक बजे पहुंचेगी।
बस सेवा नंबर-45 पहले दिन ऋषिकेश से चलेगी और शाम पांच बजे नई टिहरी पहुंचेगी। दूसरे दिन बस नई टिहरी से सुबह सात बजे रवाना होने के बाद चंबा से मसूरी पहुंचेगी और शाम को नई टिहरी पहुंचेगी। तीसरे दिन नई टिहरी से सुबह 8:45 बजे पीपलडाली, छरपधार, लंबगांव होते हुए प्रतापनगर पहुंचेगी, यहां से चौथे दिन प्रतापनगर से छह बजे सुबह लंबगांव और मैगा होते हुए ऋषिकेश पहुंचेगी। बैठक में भानु प्रकाश रांगड़, यशपाल राणा, खिलानंद बैलवाल, शूरवीर रावत, दाताराम रतूड़ी, कमलनयन जोशी, मनोज ध्यानी, बलवंत बिष्ट आदि मौजूद रहे।