कर्णप्रयाग। जिले की सभी राशन की दुकानें जल्द ही हाईटेक होंगी। इसके लिए सभी राशन विक्रेताओं को लैपटॉप सहित अन्य सामग्री वितरण करना शुरू कर दिया है। अब तक जिले में 200 से अधिक विक्रेताओं को सामग्री वितरित की जा चुुकी है। सरकारी राशन की दुुकानों में राशन ही नहीं बल्कि तहसील से बनने वाले आय, जाति, मूल निवास सहित अन्य प्रमाणपत्र भी बन सकेंगे। इन दुकानों को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के तौर पर भी विकसित किया जाएगा।
जिले में एपीएल, बीपीएल, अंत्योदय सहित सभी राशनकार्ड धारकों के आधार नंबर और एकाउंट नंबर ऑनलाइन होने के बाद अब पूर्ति विभाग राशन की दुकानों को हाईटेक करने में जुटा है। इन दिनों राशन विक्रेताओं को नि:शुल्क लैपटॉप बांटा जा रहा है। लैपटॉप के साथ ही प्रिंटर और बायोमीट्रिक मशीन भी दी जा रही है, जिससे उपभोक्ता ऑनलाइन राशन खरीदेगा। विक्रेताओं को लैपटॉप दे रहे प्रशांत ने बताया कि नौटी, आदिबदरी, कर्णप्रयाग, घाट और नंदप्रयाग क्षेत्र के 210 राशन विक्रेताओं को लैपटॉप दिए जा चुके हैं, जबकि जिले में 734 विक्रेताओं को लैपटॉप बांटा जाना है। विक्रेताओं को इसका प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक एसएन नौटियाल ने कहा कि ऑनलाइन राशन वितरण के साथ ही दुकानों पर विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र बनाने की ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिससे गांव में लोगों को सभी सुविधाएं एक ही जगह मिल सकें।