ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
उच्च न्यायालय की सख्ती के बाद संभागीय परिवहन विभाग हरकत में है। विभागीय टीम ने सोमवार को शहर और समीपवर्ती क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों पर सरकारी व गैर सरकारी नेम प्लेट लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 31 वाहनों के चालान और तीन वाहन सीज किए गए।
परिवहन कर अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने सोमवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भद्रकाली मंदिर के समीप, दून रोड पर नटराज चौक और हरिद्वार बाईपास मार्ग पर टीम के साथ चेकिंग की। इस दौरान एक कार पर लगी अधिशासी अभियंता की प्लेट, चार वाहनों से पुलिस, उत्तर प्रदेश सरकार और एडवोकेट के लोगो हटवाए। इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन में लोडर, कार और ट्रैक्टर-ट्राली को सीज कर दिया गया।
178 वाहनों के चालान, वसूले 20 हजार
कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले 178 वाहनों के चालान किए। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि वाहन सवारों से 19,800 रुपये का राजस्व भी वसूला गया। इसमें 55 चालान मॉडिफाइड और प्रेशर हॉर्न लगाकर वाहनों को दौड़ाने वालों के हुए। अभियान में सात वाहन सीज किए गए।