ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
ग्राम पंचायत केदारावाला में अधर में लटके नाले का निर्माण कार्य पूरा न होने पर सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने लांघा रोड पर जाम लगा दिया। सुबह 9 बजे से 12 बजे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। लोगों ने लोनिवि और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। फोन पर मामले की शिकायत विधायक मुन्ना सिंह चौहान से की। जिसके बाद विधायक ने मौके पर विभागीय अधिकारियों को भेजकर जाम खुलवाया गया।
लोगों के हंगामे को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही नाला निर्माण कार्य पूरा नहीं होता तो उन्हें आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष गुलफाम अली ने कहा कि विभागीय हीलाहवाली के चलते अब तक गांव में नाला निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। नाले के ऊपर स्लैब नहीं डाले गए हैं। जिस कारण आए दिन लोग और जानवर इस नाले में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कुछ दिन पूर्व गांव निवासी एक बच्चा भी नाले में गिर गया था। जिससे उसका हाथ फ्रेक्चर हो गया। कहा नाला निर्माण के दौरान पानी निकासी का भी ध्यान नहीं रखा गया। ऐसे में बरसात में पानी लोगों के घरों और खेतों में घुस रहा है। उन्होंने नाले को अंडर ग्राउंड करने की मांग की।
लोनिवि के अवर अभियंता गौरव वर्मा ने बताया कि मामले में संबंधित ठेकेदार को घरों के आगे स्लैब निर्माण और पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण न करने पर ठेके को निरस्त कर अन्य ठेकेदार को दिया जाएगा।
जाम लगाने वालों में भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष शमशाद अली, सद्दाम हुसैन, निजामुद्दीन, दरबान सिंह, रहमान, गजपाल सिंह, फरमीदा, हुसनदीन, हाशिम, ताहिर, फिरोज, सुनील, अहमद, धीर सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।