कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग से गौचर जा रही एक बाइक की कार से भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
अजय रावत (17) पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी आली मज्याड़ी आदिबदरी बाइक से कर्णप्रयाग से गौचर की ओर जा रहा था। वह बदरीनाथ हाईवे पर पहुंचा ही था कि इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कार से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। पुलिस उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल ने बताया कि घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया लेकिन गंभीर स्थिति होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाइक सवार ने हेलमेट पहना था।