ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर एसएसपी टिहरी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने मुनिकीरेती में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने यात्रा के संबंध में आवश्यक जानकारियां जुटाईं और अधीनस्थों को व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग के बाबत पत्र जल्द मुख्यालय भेजने को कहा।
एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत रविवार को थाना मुनिकीरेती पहुंचे थे। इसके बाद थानाध्यक्ष आरके सकलानी व चौकी प्रभारियों के साथ कांवड़ मेले में सुरक्षा प्रबंधों के बाबत चर्चा की। बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा में सुरक्षा और यातायात के लिए की जाने वाली व्यवस्था का फीडबैक लिया। इसके अलावा अस्थाई पार्किंग के लिए स्थान चयन और यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक प्लान बनाने की निर्देश दिए। इसके अलावा एसएसपी ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मुकम्मल रखने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर वरिष्ठ उप निरीक्षक संजीत कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।