पोखरी। ग्राम पंचायत नैल, सिदेली, कुलेंडू और गुड़म में गौचर, श्मशान और पनघट की भूमि से कब्जा हटाने की मांग के लिए महिलाओं का आमरण अनशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने मामले में तहसील प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न किए जाने पर नाराजगी जताई। कहा गया कि भूमि को कब्जामुक्त करने के बाद ही आमरण अनशन स्थगित किया जाएगा।
शुक्रवार को हापला घाटी के रिगजखाल तोक में पुष्पा देवी, सावित्री देवी और बसंती देवी ने आमरण अनशन शुरू किया था। शनिवार को अनशन स्थल पर हुई सभा में ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के ही एक व्यक्ति की ओर से गौचर, पनघट की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। इस मौके पर दीपा देवी, गुड्डी देवी, चैत सिंह, मंगल सिंह, दर्शन सिंह, बीना देवी, जमिता देवी और रुक्मणी देवी आदि मौजूद थे।