श्रीनगर। एनएसयूआई छात्र संगठन ने गढ़वाल विवि के प्रत्येक छात्रावास में प्राथमिक उपचार केंद्र खोले जाने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि विवि प्रशासन छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने छात्रों को सकारात्मक आश्वासन दिया है।
शनिवार को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल से वार्ता की। छात्रों ने विवि के प्रत्येक छात्रावासों में प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाने की मांग भी की। इसके अलावा बिड़ला परिसर के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनोज रावत ने कहा कि विवि प्रशासन ने अभी एमकेपीजी में बीए चतुर्थ सेमेस्टर के इतिहास विषय के भारतीय संग्रहालय व अभिलेखागार प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित नहीं कराई है। जबकि इस संबंध में विवि प्रशासन से कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। छात्रों ने कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वार्ता करने वालों में सत्यम कालरा, राहुल किशोर, सूरज गुसाई, शिवाजी मौर्य, हिना रावत, पंकज जोशी आदि मौजूद थे।