श्रीनगर। पालिका क्षेत्र में तिवाड़ी मोहल्ला संपर्क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। यहां हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मार्ग मरम्मतीकरण के लिए पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन मार्ग की मरम्मत नहीं की जा रही है। वहीं पालिका का कहना है कि उक्त मार्ग का निरीक्षण कर दुरुस्त कर दिया जाएगा।
गढ़वाल विवि प्रशासनिक भवन के पीछे से तिवाड़ी मोहल्ले के लिए संपर्क मार्ग बनाया गया है। यह संपर्क मार्ग सीवर लाइन के ऊपर छत डाल कर निर्मित किया गया है। सीवर लाइन की यह छत कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने से यहां राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीयवासियों का कहना है कि कई बार बाइक सवार यहां गिरते-गिरते बचे है। वहीं पालिका के अधिशासी अधिकारी एसपी गुप्ता ने कहा कि उक्त मार्ग का अवर अभियंता से निरीक्षण करवाकर मरम्मतीकरण का कार्य किया जाएगा।