ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
बड़ी आंत में इंफेक्शन की शिकायत पर ऋषिकेश एम्स में भर्ती उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट (85) को चिकित्सकों ने बुधवार को दिल्ली रेफर कर दिया। जबकि उनके पुत्र महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पिता के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। इसके चलते वह पिता को अपने गांव पंचुर, यमकेश्वर ले गए हैं। हालांकि जल्दी ही दिल्ली जाकर पिता का चेकअप कराने की बात कही है।
बता दें, बड़ी आंत में इंफेक्शन की शिकायत पर बीते शुक्रवार को आनंद सिंह बिष्ट को एम्स में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से ही उनका संस्थान में उपचार चल रहा था। बिष्ट की देखरेख के लिए एम्स प्रशासन ने चार सदस्यीय चिकित्सकों का पैनल गठित किया था। इस दौरान उनकी सेहत में लगातार सुधार की बात कही जा रही थी। जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल के अनुसार फिलहाल आनंद सिंह बिष्ट के स्वास्थ्य मेें काफी सुधार है। इसके चलते परिजनों की इच्छा पर उन्हें दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं, आनंद सिंह बिष्ट के बेटे महेंद्र सिंह के अनुसार पिता की सेहत में लगातार सुधार आ रहा था। इसके चलते वह उन्हें घर ले आए हैं। चिकित्सकों की परामर्श के अनुसार जल्द ही दिल्ली ले जाकर जांचें कराई जाएंगी।