ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश ।
नमामि गंगे के प्रदेश प्रमुख कपिल गुप्ता ने नगर निगम प्रशासन से चंद्रभागा नदी में पसरी गंदगी को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे वर्षाकाल में गंदगी को गंगा में प्रवाहित होने से रोका जा सके। मंगलवार को नमामि गंगे के प्रदेश प्रमुख कपिल गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय में एकत्रित होकर सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि चंद्रभागा नदी क्षेत्र में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। वर्षाकाल से पहले इसकी साफ-सफाई और उठान नहीं किया गया है। बरसात शुरू होने वाली है, ऐसे में डंप कूड़े का उठान नहीं होने से सारी गंदगी बरसाती पानी के साथ गंगा में जाएगी।
बताया कि गंगा को स्वच्छ रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी नमामि गंगे परियोजना संचालित हो रही योजना है, जिसमें किसी भी तरह की गंदगी व कूड़ा गंगा में जाने से रोकने की बात कही गई है। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त से चंद्रभागा नदी में डंप कूड़े कचरे का साफ सफाई करने व नदी में उड़ेली जा रही गंदगी की रोकथाम सुनिश्चित करने की मांग की है। इस मौके पर राजपाल ठाकुर, प्रभाकर शर्मा, अनिकेत गुप्ता, अनीता ममगाईं, मोनिका गर्ग, आरती गौड़ आदि मौजूद थे।