ब्यूरो/अमर उजाला,मुनिकीरेती ।
ग्राम पंचायत तपोवन के वार्ड- दो के नागरिकों ने क्षेत्र में पेयजल किल्लत के निराकरण की गुहार जल संस्थान से लगाई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बीते कई महीनों से पानी की समस्या से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए विभाग को एक सप्ताह की मोहलत दी है। इसके बाद ओवरहेड टैंक से पेयजल सप्लाई रोकने की चेतावनी दी गई है।
सोमवार को ग्राम प्रधान सुरेश उनियाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने विभागीय अवर अभियंता पिंकी चंद को जलकल अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा। बताया कि खासकर ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर दो में स्थिति बेहद खराब है। तीर्थ क्षेत्र होने के कारण यहां हजारों तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों का आवागमन हर रोज बना रहता है। क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों से सैलानियों व स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में जलकल अभियंता ने लोगों को क्षेत्र में पानी की समस्या को जल्द दूर करने का भरोसा दिया था, मगर फिर भी विभागीय स्तर से नागरिक दिक्कतों की ओर गौर नहीं किया गया। इस अवसर पर सुखपाल सिंह नेगी, मोर सिंह पुंडीर, हेमा डबराल, शकुंतला देवी, धर्म सिंह पुंडीर, संदीप नेगी आदि मौजूद थे।