डोईवाला। सीपेट के पास वन भूमि पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए वन विभाग ने कमर कस ली है। वन विभाग ने अतिक्रमण चिह्नित करने के साथ ही अतिक्रमणकारियों को निर्धारित समय देकर नोटिस चस्पा कर दिए हैं।
सीपेट डोईवाला निर्माण का कार्य लगभग समाप्ति पर है और अगस्त माह से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके लिए सीपेट में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराई जा चुकी है। जल्द शुरू होने वाले इस संस्थान के आसपास वन विभाग की भूमि पर अवैध तरीके से अतिक्रमण है। इसी अतिक्रमण हटाने के लिए वन विभाग ने प्रयास शुरू करते हुए अतिक्रमण चिह्नित कर नोटिस चस्पा किए हैं। वन विभाग सीपेट के शुरू होने से पहले अतिक्रमण हटाने का पूरा करना चाहता है। लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी घनानंद उनियाल ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों से पांच जुलाई को प्रभागीय अधिकारी देहरादून ने अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है। इस तिथि के बाद विभागीय स्तर पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।